हरिद्वार (शिखर समाचार)। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने ग्राम टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मृतक के दोस्त थे और पैसों के लेनदेन तथा शराब पीते समय वीडियो बनाए जाने से नाराज होकर उन्होंने कपिल की हत्या कर दी। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को ग्राम टिकोला रजवाहे में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बाद में मृतक की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल निवासी ग्राम टिकोला, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार के रूप में हुई। मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर रितिक और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। 27 अगस्त को पुलिस टीम ने रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर और दीपक पंवार पुत्र सुरेश को गिरफ्तार कर लिया।
पैसों के लेनदेन और वीडियो बनाने को लेकर हुआ विवाद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के अनुसार मृतक और दोनों आरोपियों के बीच दोस्ती थी तथा पैसों का लेनदेन भी था। आरोपियों ने कपिल को टिकोला पुलिया पर बुलाकर शराब पिलाई। इसी दौरान वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ और दोनों ने कपिल की हत्या कर शव रजवाहे में डाल दिया। इसके बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक कमलकांत रतूड़ी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
