स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर जिलाधिकारी ने कसे अफसरों के पेंच, 7,506 क्षय रोगियों को लिया गोद

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
District Magistrate Reviews Health Scheme Progress; 7,506 Tuberculosis Patients Adopted — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

बिजनौर (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान के लिए चलाए जा रहे संभव अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जननी सुरक्षा कार्यक्रम में 6,511 प्रसव के सापेक्ष 4,918 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है, जो 75.33 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने शेष लाभार्थियों का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पोषण पुनर्वास केंद्र में बिस्तर उपयोग दर 75 प्रतिशत रही।

टीकाकरण अभियान की गति बढ़ाने के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 19 अगस्त तक मानव पैपिलोमा विषाणु टीकाकरण में 77 प्रतिशत तथा अप्रैल से जुलाई तक पूर्ण टीकाकरण में 93 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने टीकाकरण की गति और बढ़ाने के निर्देश दिए।

टीबी मरीजों को गोद लेने के अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026 में अब तक 8,189 रोगियों का उपचार चल रहा है, जिनमें 7,506 रोगियों को निश्चय मित्र संस्थाओं और अधिकारियों ने गोद लिया है। जिलाधिकारी ने निश्चय मित्र अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति समय से ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a comment