मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत चौपाल-2026 का शुभारंभ, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Chaupal-2026 Launched Under the Mukhyamantri Udyamshala Scheme, Focus on Connecting Youth and Women with Self-Employment IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

हरिद्वार (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत चौपाल-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है। वहीं आठ हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता तथा आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है। उन्होंने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में प्रदेश के सभी जनपदों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा भी की।

हरिद्वार में कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को आभासी माध्यम से देखा। इसके बाद दोनों ने सूचना, शिक्षा एवं संचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना और ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगी।

600 से अधिक उद्यमियों को मिली आवश्यक सेवाएं

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि योजना युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अब तक 600 से अधिक उद्यमियों को वस्तु एवं सेवा कर पंजीकरण, उद्यम पंजीकरण, खाद्य लाइसेंस और व्यापार चिह्न सहित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा चार हजार से अधिक लोगों का नामांकन हो चुका है।

40 से अधिक महिलाओं ने शुरू किया व्यवसाय

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

परियोजना निदेशक नलिनी घिड़ियाल ने बताया कि सामुदायिक रसोई पहल के तहत 40 से अधिक महिलाओं ने व्यवसाय शुरू किया है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। चौपाल में 100 से अधिक युवा, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और उद्यमी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment