हरिद्वार, 21 अगस्त (शिखर समाचार)। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को कनखल, देवपुरा, ऋषिकुल और चंडी चौक सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण, सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कनखल के चौक बाजार में उन्होंने ऐतिहासिक झंडा चौक के सुधार और सौंदर्यीकरण की योजना की जानकारी ली तथा कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा। उन्होंने क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के साथ रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने तथा भवनों के अग्रभाग में सुधार के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन मार्ग और शिव मूर्ति चौक के निरीक्षण के दौरान भी यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया।
देवपुरा और ऋषिकुल में फुटपाथ व पार्किंग पर जोर
देवपुरा और ऋषिकुल क्षेत्र में फुटपाथ व सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए छोटी पार्किंग विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए। पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ, रेलिंग और बैठने के लिए छायादार स्थान विकसित करने पर जोर दिया गया। ऋषिकुल पुल के समीप गंगनहर पर निर्माणाधीन घाटों और नहर पटरी मार्ग को स्वच्छ व अतिक्रमणमुक्त रखने को कहा गया।
चंडी चौक के विशेष सौंदर्यीकरण की योजना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चंडी चौक के निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने इसे कुंभ नगरी का प्रमुख प्रवेश केंद्र बताते हुए इसके विशेष सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। चौराहे का सुधार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कराएगा, जबकि हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण और नगर निगम सौंदर्यीकरण कार्य करेंगे। धार्मिक महत्व को देखते हुए चंडी चौक पर आकर्षक नंदी प्रतिमा स्थापित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
इसके अलावा चंडी चौक पुल पर भित्ति चित्र और भवन अग्रभाग सुधार कराने के निर्देश दिए गए। ललताराव पुल मार्ग पर निर्माणाधीन पार्कों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को हटाए गए अतिक्रमण की दोबारा वापसी रोकने के लिए नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
