मोदीनगर (शिखर समाचार)। नगर के राज चौराहा स्थित हापुड़ रोड रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की धीमी गति का मामला अब लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार तक पहुंच गया है। भाजपा विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ओवरब्रिज के निर्माण की स्थिति से अवगत कराया और निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने की मांग की। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
तीन साल में पूरा होना था ओवरब्रिज, अब तक करीब एक चौथाई काम
विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2024 में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हुआ था और इसे तीन वर्ष में पूरा किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन अब तक करीब एक चौथाई काम ही पूरा हो सका है। आरोप है कि पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इसके कारण रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लोगों और स्कूली बच्चों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। उन्होंने निर्माण कार्य की गति बढ़ाकर जल्द से जल्द ओवरब्रिज पूरा कराने का आग्रह किया।
नाले के पक्काकरण और दो मार्गों के निर्माण की भी मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विधायक ने मोदीनगर पालिका क्षेत्र में सिखेड़ा रोड से कपड़ा मिल तक नाले के पक्काकरण के प्रस्ताव को भी शीघ्र मंजूरी देने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ईसापुर से तोड़ी वाया भदौला मार्ग तथा सीकरी से कलछीना मार्ग के निर्माण और सुदृढ़ीकरण की मांग भी उठाई।
मुख्यमंत्री ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
डॉ. मंजू शिवाच के अनुसार मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों और मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद से क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलने की संभावना है।
