हापुड़ (शिखर समाचार)। एसएसवी पीजी कॉलेज में बुधवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजन रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के लिए 199 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से साक्षात्कार के बाद 126 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित और शॉर्टलिस्ट किया गया।
रोजगार मेले में 199 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास विभाग के 10 लाभार्थियों तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। रोजगार के साथ दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मेले में विभिन्न विभागों के विशेष काउंटर लगाए गए।
कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत 47 दिव्यांगजनों ने आवेदन किया, जबकि कौशल विकास विभाग की योजना में 46 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया।
स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 30 आवेदन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके अलावा 42 लाभार्थियों का विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र के लिए पंजीकरण किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 30 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सेवायोजन विभाग के उपनिदेशक, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, कौशल विकास के जिला समन्वयक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कॉलेज पदाधिकारी मौजूद रहे।
