हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन ने अवस्थापना विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और कनखल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे निर्माण, सड़क, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
कनखल क्षेत्र में उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और आकर्षक वातावरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
6.74 किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण का लिया जायजा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेलाधिकारी ने आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले करीब 6.74 किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए 391.32 लाख रुपये स्वीकृत हैं। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता के उच्च मानक बनाए रखने, फुटपाथ को उचित ऊंचाई पर बनाने, अतिक्रमण हटाने तथा मार्ग के दोनों ओर पौधरोपण और योजनाबद्ध सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।
बैरागी कैंप-दक्षद्वीप पुल और पार्किंग कनेक्टिविटी पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
उन्होंने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप के बीच निर्माणाधीन दो लेन पुल का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद जगजीतपुर फ्लाईओवर का निरीक्षण करते हुए दक्षद्वीप पार्किंग को हरिद्वार बाईपास से जोड़ने के प्रस्ताव की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग को राजमार्ग की सर्विस लेन से जोड़ने के लिए 44 मीटर लंबे अस्थायी पुल का प्रस्ताव है।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के दौरान पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम और सुरक्षित रहनी चाहिए। इस दौरान हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सहायक अभियंता मनमोहन सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
