हरिद्वार (शिखर समाचार)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को भूपतवाला, बहादराबाद और सिडकुल क्षेत्र में स्थित होटलों एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। इस दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के सात नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर संबंधित होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उपायुक्त गढ़वाल मंडल के नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों दिलीप जैन और कैलाश चंद्र की टीम ने कार्रवाई की। भूपतवाला स्थित होटल गंगा ब्लिस और होटल रीनेस्ट में पानी की जांच रिपोर्ट, खाद्य सामग्री जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। टीम ने लाल मिर्च पाउडर और पनीर लबाबदार के एक-एक नमूने लिए।
बहादराबाद के होटल में मिली गंदगी, संचालक को नोटिस
बहादराबाद के एक होटल में रसोई और भंडारण स्थल की जांच के दौरान गंदगी, खुले में रखे खाद्य पदार्थ, खराब खाद्य सामग्री तथा गंदे फर्श और दीवारें मिलीं। कुछ खाद्य सामग्री गंदे प्लास्टिक कंटेनरों और जमीन पर रखी मिली। यहां तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और अनियमितताओं पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।
पेंटागन मॉल के रेस्टोरेंट में खराब सब्जियां मिलीं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में पेंटागन मॉल स्थित रेस्टोरेंट की जांच में खराब कटी सब्जियां मिलीं, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। आवश्यक दस्तावेज और पानी की टंकी की सफाई का अभिलेख प्रस्तुत न करने पर नोटिस जारी किया गया। यहां आइसक्रीम, शेक और फ्रिज बनाने में इस्तेमाल होने वाले फल सिरप के दो नमूने भी लिए गए।
अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
