गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को गोरखपुर स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों के सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों के मुख्यालयों पर किया गया। गाजियाबाद में भी आयोजित कार्यक्रम में पीआरडी स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को सुना। मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों के हित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों के लिए बहुमंजिला बैरक के निर्माण का शिलान्यास किया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता 500 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया।
सदर विधायक ने सरकार की योजनाओं को बताया कर्मचारी हितैषी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक संजीव शर्मा ने पीआरडी स्वयंसेवकों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते में 100 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा सरकार की कर्मचारी हितैषी सोच को दर्शाती है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पाण्डेय, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नूतन सोनकर, ऋचा तिवारी, आशिमा गोस्वामी, व्यायाम प्रशिक्षक सौरभ कुमार सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
