तहसील दिवस से पहले जिलाधिकारी ने पांच गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई, बांटी पोषण किट

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Before Tehsil Day, District Magistrate Arranges Baby Shower Ceremonies for Five Pregnant Women and Distributes Nutrition Kits — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। संपूर्ण समाधान दिवस में भाग लेने से पहले जिलाधिकारी कविता मीना ने गढ़मुक्तेश्वर तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म विधि-विधान से संपन्न कराते हुए उन्हें फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां और पोषण किट प्रदान की। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन और प्रसव पूर्व देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

इसके बाद जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में गढ़मुक्तेश्वर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जनसामान्य की 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

भूमि विवाद से लेकर साइबर ठगी तक की शिकायतें

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

समाधान दिवस में खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, मारपीट, शांति भंग और साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। इसके अलावा पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत और पेयजल से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकन कर निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी फोन पर भी दी जाए।

कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों की सुनवाई थाना स्तर पर ही सुनिश्चित कराने के लिए थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राम यादव, क्षेत्राधिकारी राहुल यादव, तहसीलदार पवन यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment