गाजियाबाद (शिखर समाचार)। लिंक रोड थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वांछित टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से टप्पेबाजी की घटना से संबंधित पीली धातु का एक कान का कुंडल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहताब पुत्र आसिफ अली, निवासी चांदमारी झुग्गी-झोपड़ी, बल्लू चौराहा, सम्राट चौक के पास, थाना विजयनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक मामले में उसका एक साथी इरफान उर्फ चुम्मन अभी वांछित है। चार जुलाई 2026 को विनीता पत्नी वीरू निवासी झंडापुर, लिंक रोड क्षेत्र ने थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह दवाई लेने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में दो-तीन अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत में फंसाकर धोखे से उनके कान के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए लिंक रोड पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 11 जुलाई को पुलिस ने सूचना पर आरोपी पाशा को टप्पेबाजी से प्राप्त एक कान की बाली के साथ गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान मामले में दो अन्य आरोपी वांछित पाए गए।
महिला को बातचीत में फंसाकर उतरवाई थीं बालियां
इसके बाद 15 अगस्त को पुलिस टीम ने सूचना पर चेकिंग के दौरान वांछित आरोपी सहताब को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना से संबंधित एक कान का कुंडल बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में सहताब ने बताया कि चार जुलाई को उसने अपने साथी इरफान उर्फ चुम्मन और पाशा के साथ मिलकर सीईए कंपनी के सामने रोड पर एक महिला को बातचीत में फंसाया था। इसके बाद महिला के कान से बालियां उतरवाकर टप्पेबाजी की गई।
इरफान उर्फ चुम्मन की तलाश जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
घटना में मिले एक कुंडल को पाशा के पास रखा गया था, जबकि दूसरा उसके और इरफान उर्फ चुम्मन के पास था। वह बरामद कुंडल को बेचने के लिए घूम रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मामले में वांछित इरफान उर्फ चुम्मन की तलाश जारी है। गिरफ्तार सहताब के खिलाफ लिंक रोड थाने में टप्पेबाजी से संबंधित एक मुकदमा पहले से दर्ज है।
