गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वतंत्रता दिवस से पहले गाजियाबाद में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पुलिस विभाग के दो कर्मियों की जान चली गई। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में तेज रफ्तार लाल रंग की थार ने पीआरवी को टक्कर मार दी, जबकि थाना कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर स्विफ्ट कार टैंकर से जा भिड़ी। दोनों घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
तेज रफ्तार थार ने पीआरवी को मारी टक्कर, होमगार्ड की मौत
इसी कड़ी में पहली घटना 12 अगस्त की रात करीब 11:15 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में हुई। पीआरवी 9619 को गौर सिटी-2, गौतमबुद्ध नगर से संबंधित एक इवेंट मिला था। सूचना पर पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मी गौतमबुद्ध नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से आ रही लाल रंग की थार ने पीआरवी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पीआरवी पर तैनात कांस्टेबल और होमगार्ड कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटना का संज्ञान लिया और थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लाल रंग की थार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टैंकर से भिड़ी स्विफ्ट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वहीं दूसरी घटना 13 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे थाना कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बीकानेर बिल्डिंग के सामने हुई। दिल्ली से मेरठ की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार की टक्कर टैंकर से हो गई। कार में थाना मडराक जनपद अलीगढ़ में तैनात उप-निरीक्षक उपेंद्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक मौजूद थे। इनके साथ आशु पुत्र सत्येंद्र, सत्येंद्र पुत्र जोगिंदर और चालक रोशन पुत्र मिश्री सिंह भी सवार थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान उप-निरीक्षक उपेंद्र ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों हादसों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को एक बार फिर उजागर किया है। एक ओर पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे का शिकार हुए, वहीं दूसरी ओर एक्सप्रेसवे पर हुई टक्कर में एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई। पुलिस दोनों मामलों में घटनास्थल और वाहनों की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
