हापुड़ (शिखर समाचार)। कांवड़ यात्रा के तहत मंगलवार को होने वाले जलाभिषेक को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सोमवार को जनपद के प्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जलाभिषेक की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा
जिलाधिकारी ने कहा कि जलाभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिरों में पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मंदिर परिसरों में की गई बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन, जलाभिषेक की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ के दौरान किसी भी स्थिति में अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और अन्य शिवभक्तों के लिए आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर अलर्ट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और श्रद्धालुओं की भीड़ पर लगातार नजर रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जलाभिषेक संपन्न होने तक सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करें।
