हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कांवड़ मार्ग, नगर निगम ने पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का किया भव्य अभिनंदन

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
The Kanwar route echoed with chants of “Har Har Mahadev” as the Municipal Corporation accorded a grand welcome to Shiva devotees by showering flowers on them. IMAGE CREDIT TO नगर निगम

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। कांवड़ यात्रा महोत्सव के दौरान शिवभक्तों के स्वागत और अभिनंदन के लिए गाजियाबाद नगर निगम की ओर से आयोजित दो दिवसीय पुष्पवर्षा कार्यक्रम का सोमवार को भव्य समापन हुआ। कांवड़ मार्ग पर जैसे ही शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों का जत्था पहुंचा, वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, पार्षदों एवं निगम अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान निगम पदाधिकारियों ने शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

दो दिवसीय पुष्पवर्षा कार्यक्रम का हुआ भव्य समापन

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

पुष्पवर्षा के बीच कांवड़ यात्रियों में भी खासा उत्साह नजर आया। श्रद्धालुओं ने नगर निगम की ओर से किए गए स्वागत की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में सफाई, प्रकाश, पेयजल, मार्ग व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालने में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। इसी के साथ महापौर, सभी पार्षद और निगम अधिकारी मिलकर शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा, सेवा और स्वच्छता के भाव के साथ कांवड़ यात्रा महोत्सव को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

श्रद्धा, सेवा और स्वच्छता के साथ व्यवस्थाओं पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

उन्होंने निगम टीम के प्रयासों को प्रशंसनीय बताते हुए कहा कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं की यात्रा निर्विघ्न, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो, इसके लिए नगर निगम की विशेष टीम लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि शिवभक्तों के स्वागत के लिए नगर निगम द्वारा लगातार दो दिन पुष्पवर्षा का आयोजन किया गया। सोमवार को कार्यक्रम के अंतिम दिन सभी पार्षदों और निगम अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रियों पर पुष्प बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया और गाजियाबाद आगमन पर उनका अभिनंदन करते हुए उत्साहवर्धन किया।

कांवड़ यात्रा के दौरान निगम की टीमें सफाई व्यवस्था से लेकर अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार मौके पर तैनात रखा गया है।

हर वर्ष की परंपरा के तहत हुआ शिवभक्तों का स्वागत

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कांवड़ यात्रियों के सम्मान में प्रत्येक वर्ष पुष्पवर्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी दो दिवसीय पुष्पवर्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में शहर विधायक संजीव शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पार्षद और निगम कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शिवभक्तों का स्वागत किया और कांवड़ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन की कामना की।

Share This Article
Leave a comment