गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बाबूगढ़, छपकौली मंदिर और ब्रजघाट क्षेत्र में शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की। आसमान से फूलों की वर्षा होते देख कांवड़ियों में उत्साह का माहौल बन गया और पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, विश्राम स्थलों और साफ सफाई की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन ने शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
शिवभक्तों की सेवा के लिए मंदिरों और शिविरों में विशेष इंतजाम
श्रावण मास में तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर पूरी तरह शिवभक्ति में रंगी नजर आ रही है। क्षेत्र में जगह जगह कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं। गढ़मुक्तेश्वर के प्रसिद्ध नक्का कुआं महादेव मंदिर, गांव कल्याणपुर स्थित कल्याणेश्वर मंदिर और गांव दतियाना स्थित भूतेश्वर मंदिर उर्फ लाल मंदिर में कांवड़ियों की सेवा के लिए समितियों और सेवादारों ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था के साथ शिवभक्तों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लाखों कांवड़िये पहुंचे, प्रशासनिक अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कांवड़ मार्गों पर लगाए गए शिविरों में भंडारे और विश्राम की व्यवस्था है। शिविरों में भोले के भजन लगातार गूंज रहे हैं। इस वर्ष गंगाजल लेने के लिए लाखों कांवड़िये गढ़मुक्तेश्वर पहुंच चुके हैं और जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। वहीं हरिद्वार से बड़ी संख्या में लौट रहे कांवड़िये भी गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से होकर अपने-अपने स्थानों की ओर जा रहे हैं। मेरठ मंडल, जिला हापुड़ और तहसील स्तर के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
