गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
कौशांबी थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद क्षेत्र में मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी करने तथा चोरी के वाहनों को बेचकर अपने शौक पूरे करने की बात कबूल की। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक समेत पकड़ा गया आरोपी
कौशांबी थाना पुलिस टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने पिरन नंबर-27, एलिवेटेड रोड 2/5 की पुलिया, वैशाली के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में सामने आया कि बरामद बाइक थाना खोड़ा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके बाद कौशांबी थाने में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दयाचन्द्र शर्मा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में खोड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। मूल रूप से वह ग्राम कूठरी कला थाना अहमदगढ़, जनपद बुलंदशहर का निवासी है।
चोरी के वाहनों को बेचकर पूरे करता था शौक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद क्षेत्र में मोटरसाइकिल तथा स्कूटी चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को बेचकर मिलने वाली रकम से वह अपने शौक पूरे करता था।
बरामद अपाचे मोटरसाइकिल उसने कुछ दिन पहले खोड़ा कॉलोनी के नवीन विहार से चोरी की थी। चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में वह उसे लेकर जा रहा था, तभी पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और चोरी किए गए अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कौशांबी थाने में एक मुकदमा दर्ज है। वहीं उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
