हरिद्वार (शिखर समाचार)। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति का भव्य स्वरूप देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरकी पैड़ी से लेकर कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित समारोह में पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया तथा वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर अपने हाथों से भोजन परोसा और उनकी कुशलक्षेम भी पूछी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है।
कांवड़ यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

सेवा और सुरक्षा में जुटे कर्मयोगियों को किया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, स्वच्छता और सेवा कार्यों में जुटे सभी कर्मयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण से ही यह विशाल धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों ने भाग लिया।
