नई दिल्ली (शिखर समाचार)। बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दिल्ली मेरठ तथा दिल्ली बड़ौत रेलखंड पर निर्माणाधीन तीन रेल उपरिगामी पुलों (आरओबी) का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों से इन परियोजनाओं की धीमी प्रगति के कारण लाखों लोगों को प्रतिदिन जाम और आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
तीन आरओबी के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया
डॉ. सांगवान ने रेल मंत्री को बताया कि दिल्ली मेरठ रेलखंड पर समपार फाटक संख्या 19 सी (मोहिउद्दीनपुर खरखौदा मार्ग), समपार फाटक संख्या 20 सी (भूडबराल) तथा दिल्ली बड़ौत रेलखंड पर निर्माणाधीन रेल उपरिगामी पुल संख्या 28 सी (टटीरी) का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। इसके कारण क्षेत्र में लगातार यातायात बाधित रहता है और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है।
किसानों और आम लोगों को हो रही परेशानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने कहा कि मोहिउद्दीनपुर खरखौदा मार्ग बागपत, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से लगभग 80 गांवों के किसान गन्ना तथा अन्य कृषि उपज चीनी मिलों और कृषि मंडियों तक पहुंचाते हैं। निर्माण कार्य में देरी से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही जाम के कारण एंबुलेंस, विद्यालयी वाहन तथा अन्य आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं, जिससे लोगों का समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं।
समयबद्ध निर्माण पूरा कराने की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
सांसद ने रेल मंत्री से तीनों निर्माणाधीन रेल उपरिगामी पुलों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी यातायात समस्या दूर होगी और किसानों सहित लाखों नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
