स्वच्छता अभियान से विद्यार्थियों को दिया कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Cleanliness Drive Educates Students on Waste Segregation and Environmental Conservation IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। कैम्पेन अगेंस्ट प्लास्टिक पॉल्यूशन (सीएपीपी), फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट तथा ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मिहिर भोज पार्क में स्वच्छता अभियान एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पार्क परिसर की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और अधिकारियों ने प्लास्टिक सहित अन्य बिखरे कचरे को एकत्र कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

इसके बाद आयोजित जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत गीले, सूखे, सैनिटरी तथा विशेष देखभाल वाले कचरे के पृथक्करण की वैज्ञानिक प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्रोत स्तर पर कचरा अलग करने, एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग कम करने, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा जैविक कचरे से खाद तैयार करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

स्वच्छ और टिकाऊ शहर के निर्माण का संकल्प

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है तथा यदि प्रत्येक नागरिक कचरा पृथक्करण और स्वच्छता के नियमों का पालन करे तो प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि तीनों संस्थाएं मिलकर ग्रेटर नोएडा में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी और जनजागरूकता के माध्यम से स्वच्छ एवं टिकाऊ शहर के निर्माण के लिए लगातार अभियान संचालित कर रही हैं।

Share This Article
Leave a comment