गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते हत्या की गुत्थी सुलझ गई, जबकि दो अन्य अभियुक्त अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
12 घंटे में हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नई दिल्ली निवासी राजेंद्र कुमार ने थाना इंदिरापुरम में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विजय शर्मा, विपिन और सागर ने मिलकर उनके पुत्र अमित सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर थाना इंदिरापुरम में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद लेते हुए हत्या की घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा किया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता और घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त विजय शर्मा को सेक्टर-2 वसुंधरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
रेस्टोरेंट कारोबार को लेकर रची गई थी साजिश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मृतक अमित सैनी उसका करीबी दोस्त था। वर्ष 2020 में अमित सैनी और उसका साथी विपिन एक हत्या के मामले में जेल गए थे। वर्ष 2023 में जेल से छूटने के बाद अमित ने अपना अलग रेस्टोरेंट व्यवसाय शुरू कर लिया था, जबकि विजय और विपिन पिछले तीन वर्षों से साझेदारी में रेस्टोरेंट चला रहे थे।
पिछले तीन-चार महीनों से अमित लगातार यह कह रहा था कि वह अगले वर्ष उनके रेस्टोरेंट का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेगा और दोनों को कारोबार से बाहर कर देगा। इसी बात को लेकर विजय और विपिन के मन में नाराजगी और असुरक्षा की भावना पैदा हो गई थी।
कार में ले जाकर गोली मारकर की हत्या
पुलिस के अनुसार विजय ने विपिन और सागर के साथ मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। सागर को भी रेस्टोरेंट में हिस्सेदारी देने का लालच दिया गया। योजना के तहत अमित को पैसों की जरूरत होने का फायदा उठाकर उसे मिलने के बहाने बुलाया गया।
इसके बाद तीनों अमित को कार में बैठाकर गुरुग्राम से गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में लाए और हिंडन नहर तथा वसुंधरा मार्ग के बीच रास्ते में कार के भीतर ही उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मामले में वांछित अभियुक्त विपिन और सागर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दोनों अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
