खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)।
आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सहारनपुर मंडल के उप गन्ना आयुक्त ओ.पी. सिंह ने गुरुवार को खतौली चीनी मिल क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम वाजिदपुर कलां में त्रिवेणी शुगर मिल द्वारा विकसित गन्ना प्रदर्शन प्लॉट का निरीक्षण कर फसल की स्थिति, विकास कार्यों और किसानों को दी जा रही तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाकर गन्ने की पैदावार और गुणवत्ता बढ़ाने का आह्वान किया।
गन्ना प्रदर्शन प्लॉट का निरीक्षण, किसानों को दी वैज्ञानिक खेती की सलाह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के बाद आयोजित किसान गोष्ठी में ओ.पी. सिंह ने गन्ना विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विभागीय नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के बजाय नई तकनीकों को अपनाने से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
कृषि विशेषज्ञों ने गन्ने में फैलने वाले पोक्का बोइंग रोग तथा लाल मकड़ी कीट के नियंत्रण के प्रभावी उपाय बताए और किसानों को अनुशंसित रसायनों का निर्धारित मात्रा में ही उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही चीनी मिल की ओर से उपलब्ध कराई जा रही अनुदान योजनाओं एवं कृषि सहायता सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
पर्यावरण संरक्षण के लिए किया पौधारोपण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इसके बाद उप गन्ना आयुक्त ने खतौली चीनी मिल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर खतौली चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना), विभागीय अधिकारी, मिल प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के गन्ना किसान मौजूद रहे।
