अग्निशमन सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर पांच कोचिंग संस्थान सील

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Five Coaching Institutes Sealed for Violating Fire Safety Norms. IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।

ग्रेटर नोएडा में कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशमन सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने पर पांच कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई।

13 कोचिंग संस्थानों की हुई जांच, पांच पर कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

संयुक्त टीम ने ट्रेडेक्स टावर-1 और ओम टावर में संचालित कुल 13 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इनमें ट्यूटोरिक्स ट्यूशन सेंटर, एनविक इन्फोटेक, इनकैप सेंटर, मैरिट एजुकेशन तथा पेंडुलम एडू क्लासेज में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन संस्थानों को पूर्व में कमियां दूर करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी आवश्यक व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया।

कई संस्थानों को अंतिम चेतावनी, जल्द पूरी करनी होगी व्यवस्था

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

निरीक्षण के दौरान कुछ अन्य संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण लगाने का कार्य 80 से 90 प्रतिशत तक पूरा मिला। ऐसे संस्थानों को शेष कार्य पूरा करने के लिए दो से तीन दिन का अंतिम अवसर दिया गया है। वहीं जिन संस्थानों का पहली बार निरीक्षण किया गया, उन्हें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कई संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था मानकों के अनुरूप मिलने पर टीम ने संतोष भी व्यक्त किया।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

संयुक्त निरीक्षण दल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा तथा अग्निशमन सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने सभी कोचिंग संचालकों से अग्निशमन सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से स्थापित करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment