बागपत (शिखर समाचार)। श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के दौरान आयोजित होने वाले ऐतिहासिक पुरा महादेव शिवरात्रि मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मंडलायुक्त मेरठ भानुचंद्र गोस्वामी और पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने पुरा महादेव मंदिर एवं मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल, पुलिस अधीक्षक सूरज राय तथा पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण केंद्र तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंदिर के पुजारियों और मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से संवाद कर दर्शन व्यवस्था, मंदिर की परंपराओं तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
मंडलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निर्बाध दर्शन व्यवस्था, सुचारु यातायात संचालन, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
सौहार्दपूर्ण माहौल में मेला संपन्न कराने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अधिकारियों ने मंदिर समिति से सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सुझाव भी लिए तथा निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक पुरा महादेव शिवरात्रि मेला पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।
