बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। कांधला रोड स्थित मेपल्स एकेडमी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित लायंस ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र तथा शिक्षा उत्कृष्टता पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ओलंपियाड समन्वयक अमित कुमार ने किया।
आदित्य त्यागी ने अंग्रेजी विषय में हासिल किया द्वितीय स्थान
उपप्रधानाचार्य क्षितिज श्रीवास्तव ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 के दौरान आयोजित लायंस ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। कक्षा पांच के छात्र आदित्य त्यागी ने अंग्रेजी विषय में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर 1,250 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। वहीं कक्षा सात की स्वाति जिंदल और अक्षय पंवार तथा कक्षा छह की वाणी सैनी ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी सफल विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और शिक्षा उत्कृष्टता पदक प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का माध्यम: प्रधानाचार्या
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रधानाचार्या डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन आगे भी विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक क्षेत्रों में भी नई उपलब्धियां हासिल कर सकें। समारोह में प्रबंधक राजीव गर्ग, कपिल मित्तल सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
