हापुड़ (शिखर समाचार)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षक, कर्मचारी तथा पेंशनर संघ के पदाधिकारियों ने पेंशन, पारिवारिक पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और अन्य देयकों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभागीय स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
15 दिनों में लंबित पेंशन मामलों के निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सरकारी कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने के बाद एक माह के भीतर पेंशन, ग्रेच्युटी तथा अन्य सभी देयकों का भुगतान हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि पेंशनरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन अब तक स्वीकृत नहीं हुई है, उनके मामलों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
मार्च 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि मार्च 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची पहले से तैयार कर ली जाए। इससे उनकी सेवा निवृत्ति संबंधी सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जा सकेंगी और पेंशन स्वीकृति एवं भुगतान में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी।
बैठक में पेंशनरों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
