बिजनौर (शिखर समाचार)। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, रसोई गैस की महंगाई, बेरोजगारों को रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी जसजीत कौर को सौंपा गया। सपा का प्रदर्शन पार्टी कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ते हुए परिसर तक पहुंच गए। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट तक पहुंचे कार्यकर्ता, पुलिस बैरिकेडिंग के बावजूद जारी रहा प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का समाधान जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से जनहित से जुड़े मामलों में ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
विधानसभा चुनाव को लेकर दावेदारों की सक्रियता दिखी, शक्ति प्रदर्शन की झलक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा का विषय रहीं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई संभावित टिकट दावेदार अपने समर्थकों के साथ बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे आयोजन में शक्ति प्रदर्शन की झलक देखने को मिली।
विशेष रूप से बिजनौर विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे नेताओं की सक्रियता अधिक दिखाई दी। इनमें अनुज मलिक, डॉ. रमेश तोमर, राहुल चौधरी, स्वाति वीरा, मदन सैनी, दीपक सैनी, महमूद कस्सार, राशिद हुसैन और प्रभा चौधरी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित दावेदार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं और संगठन के समक्ष अपनी दावेदारी मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी किसी भी विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
