गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम मुख्यालय पर हुई जनसुनवाई के दौरान नंदग्राम क्षेत्र के निवासियों ने कई समस्याएं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के समक्ष प्रस्तुत की थीं। नगर आयुक्त ने समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद जलकल, निर्माण और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर क्षेत्र में सफाई एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।
जनसुनवाई के दौरान वार्ड संख्या 49 और वार्ड संख्या 11 के निवासियों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को नगर आयुक्त के समक्ष विस्तार से रखा। क्षेत्रवासियों ने नालों की नियमित सफाई, सीवर लाइनों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा अवैध रूप से संचालित डेयरियों पर कार्रवाई की मांग की।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नालों और सीवर सफाई के लिए विशेष अभियान, सड़कों की मरम्मत के निर्देश
नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को नंदग्राम के सभी ब्लॉकों से जुड़े नालों की सफाई के लिए विशेष महा अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं जलकल विभाग को सीवर लाइनों की सफाई के लिए आवश्यक उपकरण लगाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्माण विभाग को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों की मरम्मत करने तथा आवश्यकता के अनुसार सड़क निर्माण कार्य को मौजूदा ढलान व्यवस्था के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने को भी कहा गया।
नगर आयुक्त के निर्देशों के बाद तीनों विभागों ने अभियान के रूप में कार्य शुरू किया। शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर दोबारा नालों की सफाई कराई गई और सीवर सफाई के लिए प्रतिदिन विशेष उपकरण लगाए गए। क्षेत्र के मुख्य पंपिंग स्टेशन को भी तत्काल चालू कराया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार हुआ।
अपर नगर आयुक्त को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें निर्देश दिए गए कि सफाई और सीवर रखरखाव का कार्य प्रतिदिन अभियान के रूप में जारी रहे और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में सफाई एवं अन्य कार्य संपन्न कराए। आर ब्लॉक के श्रवण गुप्ता, एफ ब्लॉक के अनुज ठाकुर, सी ब्लॉक की पूजा मल्होत्रा सहित अन्य निवासियों ने निगम की टीम को सहयोग दिया। कई स्थानों पर लोगों ने स्वेच्छा से अवैध अतिक्रमण हटाने में भी मदद की और सफाई अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की पहल और विभागों की त्वरित कार्रवाई से नंदग्राम के वार्ड 49 और वार्ड 11 में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर निगम का यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं में और सुधार होने की उम्मीद है।
