ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
ग्रेटर नोएडा में संचालित कोचिंग सेंटरों की अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार से विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा वाणिज्यिक क्षेत्र स्थित ओम टावर में संचालित 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की।
11 कोचिंग सेंटरों की जांच, सुरक्षा मानकों का लिया जायजा
संयुक्त टीम में प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी विनोद पांडेय तथा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कुछ कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि कई केंद्रों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में कमियां मिलीं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को तत्काल सभी खामियां दूर कर मानकों के अनुरूप अग्निशमन उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए।
15 दिन में मानक पूरे करने के दिए गए थे निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी कोचिंग सेंटरों को 15 दिनों के भीतर अग्निशमन सुरक्षा संबंधी सभी मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने भी अभियान चलाकर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित समय सीमा सोमवार को समाप्त हो रही है। ऐसे में सभी संस्थानों को अंतिम अवसर देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि दोबारा निरीक्षण के दौरान यदि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की कमी पाई गई तो संबंधित कोचिंग सेंटर को सील करने सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
