हापुड़ (शिखर समाचार)।
मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने शनिवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत अटूटा एवं फतेहपुर मतनौरा में संचालित ‘हर घर जल’ पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें जल संरक्षण और पेयजल के सदुपयोग के प्रति जागरूक भी किया गया।
ग्रामीणों से संवाद कर जानी पेयजल आपूर्ति की स्थिति
निरीक्षण के समय जल निगम (ग्रामीण) के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव तथा तृतीय पक्ष निरीक्षण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि जल एक अमूल्य प्राकृतिक संसाधन है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि उसका संरक्षण और सदुपयोग सुनिश्चित करे।
उन्होंने ग्रामीणों से जल की अनावश्यक बर्बादी रोकने तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की अपील भी की।
अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
श्रुति शर्मा ने जल निगम के सहायक अभियंता को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत शेष है, वहां शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही जिन घरों में अभी तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है, वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कनेक्शन देकर योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत फतेहपुर मतनौरा स्थित पानी की टंकी परिसर में मुख्य विकास अधिकारी ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित जल स्रोत भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक हैं, इसलिए जल संरक्षण के साथ-साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण भी किया जाना चाहिए।
