ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
बुधवार रात और बृहस्पतिवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीमें पूरे दिन मैदान में सक्रिय रहीं। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अधिकारियों और कर्मचारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया।
जहां-जहां पानी भरने की सूचना मिली, वहां तत्काल पंप लगाकर जल निकासी कराई गई तथा नालियों और जल निकासी तंत्र की सफाई कर यातायात को सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए गए। इसी दौरान औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां की आधारभूत समस्याओं की भी समीक्षा की गई।
जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पहुंचे अधिकारी
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की शिकायत मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इसके बाद सभी कार्य वृत्तों के प्रभारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते रहे तथा प्रत्येक गतिविधि की जानकारी नियंत्रण समूह को उपलब्ध कराते रहे।
अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने ईकोटेक-दो एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जबकि अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने ईकोटेक-तीन और 130 मीटर मार्ग का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ए.के. सिंह तथा उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल ने भी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी कार्यों का जायजा लिया। विजय कुमार रावल ने बेनेट विश्वविद्यालय, सिरसा गोलचक्कर, ट्रकर्स प्वाइंट सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रमुख गोलचक्करों पर जलभराव रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात रहीं। कार्य वृत्त और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्रामवार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नालों की सफाई भी कराई गई।
आईबीए पदाधिकारियों ने चिह्नित कराईं जलभराव की समस्याएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
निरीक्षण के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा तथा कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।
आईबीए पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव वाले प्रमुख स्थानों को मौके पर चिह्नित कराया और अधिकारियों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र एवं स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए बेहतर जल निकासी व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की मांग भी रखी। इसके अलावा वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, नागेंद्र सिंह, नरोत्तम सिंह, प्रभात शंकर सहित सभी कार्य वृत्तों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार फील्ड में डटे रहे और जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान में जुटे रहे।
