बिजनौर (शिखर समाचार)। स्योहारा पुलिस ने धन दोगुना करने का झांसा देकर महिला से सोने के कुंडल ठगने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के सोने के दोनों कुंडल बरामद कर लिए हैं। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर सीज कर दी गई है।
झांसा देकर की गई ठगी, शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, स्योहारा क्षेत्र के गांव खलीलपुर निवासी संजीदा ने 24 जून को थाने में तहरीर देकर बताया था कि दो बाइक सवार युवकों ने उसे धन दोगुना करने का लालच दिया और बातों में उलझाकर उसके सोने के कुंडल ठग लिए। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से गिरफ्तारी
ALSO READ:
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अमरोहा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौबत खाना निवासी आसिफ पुत्र कमाल तथा मोहल्ला कुरैशी गली निवासी नदीम पुत्र रईस के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर महिला से ठगे गए सोने के दोनों कुंडल बरामद कर लिए। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
