गाजियाबाद (शिखर समाचार)। वन महोत्सव के तहत गाजियाबाद नगर निगम ने 1 जुलाई से 7 जुलाई तक पौधारोपण अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत नगर निगम शहरभर में बड़े स्तर पर पौधारोपण करेगा। बुधवार को थाना विजयनगर क्षेत्र स्थित मिलिट्री ग्राउंड की भूमि पर मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। यहां 9 एकड़ भूमि पर एक लाख से अधिक पौधे लगाकर मिनी सिटी फॉरेस्ट विकसित किया जाएगा।
विजयनगर में विकसित होगा मिनी सिटी फॉरेस्ट
मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आर्मी लैंड की 48 एकड़ भूमि पर 6 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे, जबकि पहले चरण में 9 एकड़ क्षेत्र में एक लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा।
मियावकी पद्धति से हरियाली बढ़ाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम अब तक शहर के लगभग 17 स्थानों से गंदगी हटाकर मियावकी पद्धति से 3,88,961 पौधे रोपित कर चुका है, जो अब विकसित होकर वृक्ष बन रहे हैं। हर्ष इंडस्ट्रियल एरिया, पाइप मार्केट, राजेंद्र नगर, साउथ साइड इंडस्ट्रियल एरिया, सिद्धार्थ विहार, रक्षा राइफल आर्मी ग्राउंड, रईसपुर, लोहा मंडी, बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया, महर्षि दयानंद पार्क, कनवानी ब्रिज क्षेत्र और सिटी फॉरेस्ट जैसे कई स्थानों पर हरित क्षेत्र विकसित किए गए हैं। प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज ने बताया कि शासन के लक्ष्य के अनुरूप वन महोत्सव के दौरान आर्मी लैंड, नगर निगम की रिक्त भूमि, सेंट्रल वर्ज और पार्कों में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सभी वार्डों में पौधारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मेयर और नगर आयुक्त ने पौधारोपण कार्य में योगदान देने वाले मालियों को भी सम्मानित किया।
