बिजनौर (शिखर समाचार)। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अभियान की शुरुआत करते हुए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा लोगों से स्वच्छता अपनाकर संचारी रोगों की रोकथाम में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जनजागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनसहभागिता, साफ-सफाई और समय पर उपचार सबसे महत्वपूर्ण हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे तो इन रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सकती है।
विभागीय समन्वय और जनसहभागिता पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर बल दिया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मंजूषा गुप्ता, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी लक्ष्मी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
