ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार): यमुना प्राधिकरण ने 8 निवेशकों को जारी किए आशय पत्र, 3,181 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (वाईईआईडीए) ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को आठ औद्योगिक निवेशकों को भूमि आवंटन के लिए आशय पत्र सौंपे। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने आयोजित कार्यक्रम में निवेशकों को आशय पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया सहित प्राधिकरण के अधिकारी और निवेशक मौजूद रहे।
प्राधिकरण के अनुसार इन आठ परियोजनाओं के माध्यम से 3,181.20 करोड़ रुपये का निवेश होगा तथा करीब 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रस्तावित इकाइयों में वाहन कलपुर्जा निर्माण, स्मार्ट विद्युत उपकरण, इस्पात फर्नीचर, चिकित्सा उपयोग के दस्ताने, खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग, इत्र एवं सौंदर्य प्रसाधन, मुद्रित परिपथ पट्ट (पीसीबी) तथा इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों का निर्माण किया जाएगा। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
प्रमुख निवेशकों को मिला भूमि आवंटन, बड़े प्रोजेक्ट्स की तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सबसे बड़ा निवेश समवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड करेगा, जिसे सेक्टर-8डी में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 1,156 करोड़ रुपये के निवेश से वाहन कलपुर्जों की निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 8,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा बालर मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड, त्रिवेणी अलमीराह प्राइवेट लिमिटेड, अनोंदिता हेल्थकेयर, क्रिस्पी सिटी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, ए.जी. ऑर्गेनिका प्राइवेट लिमिटेड, इनोवेक्स प्रोडक्ट्स एलएलपी तथा अपार इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करेंगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ उत्तर प्रदेश को विनिर्माण और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
