नोएडा (शिखर समाचार)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों में समान महत्व दिया जाएगा और कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सांसदों और विधायकों की प्राथमिकताओं के आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाएं तथा जनहित की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
मेरठ मंडल की विकास कार्ययोजना की समीक्षा
शनिवार को गौतमबुद्धनगर में मेरठ मंडल की कार्ययोजना की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडल में अब तक 6,568.36 करोड़ रुपये की लागत वाली 1,284 विकास परियोजनाएं चिन्हित की जा चुकी हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास प्रस्ताव ऐसे क्षेत्रों के लिए तैयार किए जाएं जहां पहले इस प्रकार के कार्य नहीं हुए हैं, ताकि विकास का लाभ नए क्षेत्रों तक पहुंचे और संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावों को कार्ययोजना में समुचित स्थान दिया जाए। यदि किसी स्वीकृत परियोजना का कार्य अधूरा है तो उसे भी योजना में शामिल कर शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे जनता को समय पर उसका लाभ मिल सके।
धार्मिक परियोजनाओं और प्रशासनिक निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
धार्मिक एवं धर्मार्थ कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रस्ताव ऐसे स्थलों के लिए तैयार किए जाएं जहां श्रद्धालुओं की संख्या अधिक हो और निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो तथा गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरे किए जाएं।
बैठक में औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के. पी. मलिक, पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, मेरठ मंडल के सांसद एवं विधायक, मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा कृष्णा करुणेश, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम सहित शासन, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
