आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले अवैध निर्माणों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान पूर्व में दिए गए नोटिस और काम रोकने के आदेशों की अनदेखी करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण किया गया।
अशोक नगर में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई
जीडीए उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के बाद प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने अशोक नगर इलाके में दो अलग-अलग संपत्तियों पर एक्शन लिया। पहली कार्रवाई अशोक नगर स्थित एक ऐसी संपत्ति पर हुई, जहां स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से काम रोकने के आदेश और नोटिस दिए गए थे, लेकिन निर्माणकर्ता ने नियमों की परवाह न करते हुए काम जारी रखा। इसके बाद जीडीए की टीम ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसी क्रम में, अशोक नगर में ही एक अन्य संपत्ति पर बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से निर्माण चल रहा था। वैधानिक नोटिस और काम रोकने के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना करने पर प्राधिकरण की टीम ने इस संपत्ति को भी मौके पर ही सील कर दिया।
प्लॉट CD-16A पर भी चला बुलडोजर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इन दो कार्रवाइयों के अलावा, प्लॉट संख्या CD-16A पर भी प्राधिकरण का बुलडोजर चला। यहां स्वीकृत भवन मानचित्र का सीधा उल्लंघन करते हुए टैरेस फ्लोर (छत) पर एक अतिरिक्त कमरा बना लिया गया था। प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने इस अतिरिक्त अवैध निर्माण को नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई के दायरे में लेते हुए मौके पर ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संपन्न कराई गई। जीडीए ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
