एमडीडीए का बड़ा एक्शन: देहरादून में तीन अवैध निर्माण सील, अवैध निर्माणकर्ताओं में मचा हड़कंप

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
MDDA Takes Major Action: Three Illegal Constructions Sealed in Dehradun, Panic Among Illegal Builders IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

आरव शर्मा
देहरादून (शिखर समाचार)।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर चल रहे अवैध आवासीय और व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया है। प्राधिकरण की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से बिना नक्शा पास कराए निर्माण कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया है।

प्राधिकरण की टीम ने सबसे पहले दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट पुनीत अग्रवाल के अवैध व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान यह निर्माण बिना एमडीडीए की स्वीकृति के संचालित पाया गया, जिसके बाद टीम ने तुरंत निर्माण स्थल को सील कर दिया। इसके बाद टीम जमन्नीवाला सिंगली रोड पहुंची, जहां अरुण कुमार गुप्ता द्वारा अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसे भी नियमों के विपरीत पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया और निर्माणकर्ता को चेतावनी दी गई। इन दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत और अवर अभियंता विदिता अपनी सुपरवाइजरी टीम के साथ मौजूद रहे।

तीसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में की गई। यहां राकेश सुरी द्वारा बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर का अवैध निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं था, जिसके चलते सहायक अभियंता शशांक सक्सेना और अवर अभियंता अभिजीत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पुलिस बल की भारी मौजूदगी में इसे सील कर दिया।

नियम टूटे तो होगी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

एमडीडीए ने स्पष्ट कर दिया है कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दो टूक कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्रवर्तन टीम लगातार शहर की निगरानी कर रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों और भवन स्वामियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक अनुमतियां और नक्शा जरूर पास कराएं तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करें।

WhatsApp Image 2026 06 24 at 7.50.15 PM 4
Share This Article
Leave a comment