शामली (शिखर समाचार)। जनपद में सोमवार से शुरू हुई पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिले में बनाए गए 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कड़ी जांच, तलाशी, तापमान परीक्षण तथा नेत्र स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई।
पहले दिन दोनों पालियों में हुई परीक्षा
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। इसके लिए सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रारंभ कर दिया गया था। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। अभ्यर्थियों की गहन जांच-पड़ताल के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया। किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु को केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
दूसरे जनपदों से पहुंचे कई अभ्यर्थी समय पर केंद्र तक पहुंचने के लिए दौड़ते हुए नजर आए।
पुलिस और प्रशासन की सख्त निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने हिन्दू कन्या इंटर कॉलेज, वी.वी. इंटर कॉलेज तथा ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।
प्रथम पाली में पंजीकृत 4,392 अभ्यर्थियों में से 3,621 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 771 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें 4,392 अभ्यर्थियों में से 3,691 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 701 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 8,784 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,312 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,472 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
जिलाधिकारी आलोक यादव ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।
