बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद नरेंद्र राठी की 27वीं पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव इटावा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने शहीद नरेंद्र राठी की स्मृति में निर्मित भव्य स्मृति द्वार का लोकार्पण किया।
शहीद वाटिका में हुआ श्रद्धांजलि और हवन पूजन
पुण्यतिथि के अवसर पर इटावा गांव स्थित शहीद वाटिका में शहीद के परिजनों द्वारा हवन पूजन का आयोजन किया गया। हवन के उपरांत शहीद की पत्नी अनीता राठी, पुत्र सुमित राठी, पुत्रवधू निधि चौधरी तथा पुत्री सुरचना ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग पर शहीद नरेंद्र राठी के नाम से भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया है। इस स्मृति द्वार पर किसान नेता स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत तथा शहीद नरेंद्र राठी के चित्र अंकित किए गए हैं। स्मृति द्वार का लोकार्पण नरेश टिकैत और शहीद के परिजनों ने संयुक्त रूप से किया। उपस्थित लोगों ने इसे शहीद की स्मृतियों को सहेजने और नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
परिवार ने साझा किए भावनात्मक विचार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
शहीद नरेंद्र राठी के पुत्र सुमित राठी ने कहा कि कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए उनके पिता ने जो बलिदान दिया, उसे परिवार, गांव और क्षेत्र के लोग कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृतियों को जीवित रखना समाज का दायित्व है।
शहीद नरेंद्र राठी भारतीय सेना की चौथी जाट रेजीमेंट में सिपाही के पद पर तैनात थे। 5 जून 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान काक्सर सेक्टर में दुश्मनों से लोहा लेते हुए वह वीरगति को प्राप्त हुए थे। इससे पहले भी उन्होंने सेना के कई महत्वपूर्ण अभियानों में हिस्सा लेकर अपनी बहादुरी का परिचय दिया था। उनके शौर्य और बलिदान को आज भी क्षेत्र के लोग गर्व और सम्मान के साथ याद करते हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता रामकुमार सहरावत, नरेश टिकैत, पूर्व चेयरमैन जितेंद्र त्यागी, संजय शर्मा, विपिन सहरावत, पूर्व प्रधान जयवीर सिंह, ओमबीर राठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
