करोड़ों की डकैती मामले में बड़ी कार्रवाई : लापरवाही पर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, एसओजी प्रभारी को मिली कमान

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Major Action in Multi-Crore Robbery Case: Station House Officer Removed from Duty for Negligence, SOG In-Charge Assigned Command — IMAGE CREDIT TO POLICE

हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में टिम्बर कारोबारी के घर हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। उन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है। उनकी जगह एसओजी प्रभारी पारस मलिक को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

चार सशस्त्र बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-ncr-ghaziabad-news-yamuna-river-rise-threatens-loni-villages-and-crops-submerged-24019250.html

जानकारी के अनुसार गढ़ रोड स्थित टिम्बर कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर में पांच दिन पूर्व देर रात चार सशस्त्र बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने कारोबारी के पोते सिद्धांत को गन पॉइंट पर लेकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इस दौरान नरेंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी सुशीला देवी, पोते सिद्धांत तथा चौकीदार को कब्जे में लेकर बदमाशों ने दो करोड़ रुपये की मांग की।

बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए चादरों के टुकड़ों से बांध दिया और अलमारी की चाबी लेकर करीब सवा किलो सोने-चांदी के आभूषण तथा लाखों रुपये की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सभी को बंधक बनाकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

लापरवाही पर थाना प्रभारी लाइन हाजिर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने पूरे मामले की समीक्षा की। जांच के दौरान लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही एसओजी प्रभारी पारस मलिक को थाना हापुड़ देहात की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डकैती की घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Share This Article
Leave a comment