देहरादून (शिखर समाचार)। देहरादून स्थित होटल मधुबन में समावेशी और प्रगतिशील परिवर्तन के लिए उभरते नेतृत्व कार्यक्रम के द्वितीय चरण का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने किया। कार्यक्रम में भारत और जर्मनी से आए युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
समावेशी विकास और नेतृत्व पर विधानसभा अध्यक्ष के विचार
इस अवसर पर ऋतु खंडूरी ने समावेशी विकास, प्रभावी नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और अनुभवों से सीखने का अवसर देते हैं।
उन्होंने कहा कि इससे युवा समाज और राष्ट्र के विकास में अधिक प्रभावी योगदान देने के लिए तैयार होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित किया और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व, नीति निर्माण, महिला नेतृत्व और युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। साथ ही उन्होंने युवाओं को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

अंतरराष्ट्रीय सहयोग से नेतृत्व विकास कार्यक्रम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
यह कार्यक्रम आईलीड ग्लोबल फाउंडेशन और कोनराड एडेनॉयर स्टिफ्टुंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में आईलीड ग्लोबल फाउंडेशन की संस्थापक एवं भाजपा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने ऋतु खंडूरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश और विदेश से आए युवाओं के लिए विधानसभा अध्यक्ष के साथ सीधा संवाद एक प्रेरणादायक अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि युवाओं में समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने की अपार क्षमता है और फाउंडेशन ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से भावी नेतृत्व तैयार करने का कार्य कर रहा है।
