गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम गाजियाबाद स्थित सभागार कक्ष में जनगणना-2027 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती शीतल वर्मा, आईएएस, निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी द्वारा की गई। बैठक में जनपद गाजियाबाद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों तथा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जनगणना-2027 कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान जनपद गाजियाबाद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 3 जून 2026 तक सीएमएमएस पोर्टल पर जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संपादित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा उपरांत अध्यक्ष द्वारा जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनगणना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित अंतिम तिथि 20 जून 2026 से पूर्व पूर्ण कराया जाए। ऐसे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए जिनके कार्य समय पर पूर्ण होने में देरी की संभावना हो, ताकि सभी कार्य समय पर पूरे हो सकें।
डेटा की शुद्धता और दैनिक निगरानी पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन सीएमएमएस पोर्टल पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा भरे जा रहे आंकड़ों का परीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि अपलोड किया गया डेटा पूर्णतः सही, शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो।
नगर निगम क्षेत्र के लिए विशेष निर्देश देते हुए अपर नगर आयुक्त एवं संबंधित चार्ज अधिकारियों से कहा गया कि वे आरडब्ल्यूए एवं एओए पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर विशेष अभियान चलाएं, ताकि प्रत्येक मकान एवं परिवार तक प्रगणकों की पहुंच सुनिश्चित हो सके और कोई भी परिवार सर्वेक्षण से वंचित न रहे।
जनजागरूकता, निगरानी और प्रमाण-पत्र अनिवार्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के मोबाइल नंबर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ साझा किए जाएं, ताकि कार्य में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। साथ ही जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों को जनजागरूकता बढ़ाने हेतु सर्वेक्षण गतिविधियों के फोटोग्राफ एवं सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्य पूर्ण होने पर संबंधित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से कवरेज प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सुरक्षित रखा जाए तथा पोर्टल पर नजरी नक्शा अपलोड करना भी सुनिश्चित किया जाए।
