गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संभव जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें निर्माण विभाग से संबंधित 14, उद्यान विभाग से 3, जलकल विभाग से 4 तथा अतिक्रमण से संबंधित 4 शिकायतें शामिल थीं।
जनसुनवाई में 25 शिकायतें दर्ज
नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग से संबंधित शिकायतों की अधिक संख्या को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यकतानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण, जलकल, स्वास्थ्य, उद्यान एवं प्रकाश विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में कवि नगर जोन के सीकरोड स्थित वार्ड संख्या-16 के निवासियों ने नालियों पर किए गए अवैध निर्माण और जल निकासी बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। नगर आयुक्त के निर्देश पर निर्माण विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण हटाकर जल निकासी की व्यवस्था सुचारु कराई।
मौके पर पहुंची टीम ने किया त्वरित समाधान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
स्थानीय निवासी अर्चना तिवारी एवं अन्य लोगों ने बताया कि संभव में शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वे घर पहुंचे तो समाधान के लिए नगर निगम की टीम पहले से ही मौके पर मौजूद थी। कवि नगर जोन के सहायक अभियंता राजेंद्र तथा अवर अभियंता प्रीति के नेतृत्व में शिकायत का निस्तारण कराया गया।
निवासियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए गाजियाबाद नगर निगम एवं नगर आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्रवाई निगम की संवेदनशीलता और कार्यकुशलता को दर्शाती है।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, मुख्य अभियंता एस.पी. मिश्रा, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
