हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़ में सोमवार देर रात एक बड़ी डकैती की वारदात ने पुलिस और व्यापारिक जगत को हिला दिया। गढ़ रोड स्थित उद्योगपति एवं रियल एस्टेट कारोबारी नरेंद्र कबाड़ी के घर चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 45 मिनट तक लूटपाट की। बदमाश सवा किलो सोने के आभूषण, लाखों रुपये की नकदी और एक बाइक लूटकर फरार हो गए।
घर में घुसकर परिवार को बनाया बंधक
घटना रात करीब 11:30 बजे की है। नरेंद्र कबाड़ी का पोता सिद्धांत अपने मित्र के साथ घर लौटा था। जैसे ही मुख्य गेट खुला, पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाश अंदर घुस आए। बदमाशों ने सिद्धांत और चौकीदार श्याम कुमार को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया और उन्हें घर के अंदर ले गए।
बदमाशों ने सिद्धांत को धमकाते हुए कहा कि उसकी हत्या के लिए दो करोड़ रुपये की सुपारी ली गई है। इसके बाद वे परिवार के अन्य सदस्यों के पास पहुंचे और नरेंद्र कबाड़ी, उनकी पत्नी सुशीला देवी, सिद्धांत तथा चौकीदार को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया।
45 मिनट तक घर में की लूटपाट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली और करीब सवा किलो सोने के आभूषण तथा लाखों रुपये की नकदी समेट ली। जाते समय उन्होंने सिद्धांत की कार ले जाने का प्रयास किया, लेकिन कार स्टार्ट नहीं हो सकी। इसके बाद वे उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने गठित की विशेष टीमें, जांच तेज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
वारदात के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरठ रेंज स्तर पर तीन तथा जिला स्तर पर चार विशेष टीमों का गठन किया है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी पीड़ित उद्योगपति के घर पहुंचे और जल्द खुलासे की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि डकैती की इस बड़ी वारदात का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में थाना हापुड़ देहात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
