ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, हादसों में होने वाली मृत्यु दर को कम करने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक बनाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सड़क सुरक्षा को बताया सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि कानूनी और सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
जागरूकता अभियानों पर विशेष जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
एडीएम प्रशासन ने कहा कि केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी आवश्यक है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएम राहत (कैशलेस उपचार) योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
एडीएम ने बताया कि “सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना-2025” के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
यातायात सुधार और होल्डिंग एरिया चिन्हांकन के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/deliberations-held-during-bhakiyu-tikait/
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और प्राधिकरणों को निर्देश दिए कि प्रमुख सड़कों का सर्वे कर होल्डिंग एरिया चिन्हित किए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. उदित नारायण पांडेय सहित यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग, प्राधिकरणों और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
