डीआईजी ने किया बागपत पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

Rashtriya Shikhar
5 Min Read
“The DIG conducted the annual inspection of the Baghpat Police Lines and gave instructions to further improve the arrangements.” IMAGE CREDIT TO पुलिस

बागपत (शिखर समाचार)। मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन बागपत का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन की परेड का निरीक्षण किया तथा टोलीवार ड्रिल कराकर पुलिसकर्मियों के अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता की परख की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय द्वारा वर्षभर में किए गए प्रयासों की सराहना भी की गई।

विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण, कमियां दूर करने के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-ncr-ghaziabad-news-yamuna-river-rise-threatens-loni-villages-and-crops-submerged-24019250.html

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने परिवहन शाखा, यूपी-112, फील्ड यूनिट, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, जीपी स्टोर, आदेश कक्ष, डॉग स्क्वॉड, मैस और आदर्श बैरक सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जहां भी कमियां पाईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही फायर सर्विस, यूपी-112 और फील्ड यूनिट की टीमों को आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष सुझाव दिए गए।

परेड के दौरान पुलिसकर्मियों से मॉब कंट्रोल, यातायात नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल भी कराई गई। डीआईजी ने निर्देश दिए कि सभी पुलिस वाहनों में उच्च गुणवत्ता के हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर, लाउड हेलर, टॉर्च, रस्सा और बॉडी वॉर्न कैमरे अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/

निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। महिला उपनिरीक्षक शिलेष चौधरी को बेहतर कमांड के लिए, जबकि आरक्षी सतीश और आरक्षी रोहित यादव को उत्कृष्ट ड्रिल के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा यातायात पुलिस के आरक्षी जितेंद्र, आरक्षी पारस शर्मा, महिला आरक्षी कविता और महिला आरक्षी प्रिंसी को उच्चकोटि के टर्नआउट के लिए सम्मानित किया गया।

ड्रिल के दौरान बेहतर टोली कमांड करने पर क्षेत्राधिकारी खेकड़ा रोहन चौरसिया की भी सराहना की गई। डीआईजी ने क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण करते हुए आपातकालीन नंबरों की सूची अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची में सभी स्थानीय थाना प्रभारियों, फायर सर्विस और अन्य आवश्यक विभागों के नंबर शामिल किए जाएं।

कानून व्यवस्था और सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/

जनपदीय कंट्रोल रूम, रेडियो शाखा और यूपी-112 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी घटना या दुर्घटना की सूचना मिलने पर कम समय में प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके। महिला अपराधों में पीआरवी और थाना पुलिस को संयुक्त रूप से त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों के रखरखाव और तकनीकी दक्षता की समीक्षा की गई। डीआईजी ने सभी वाहनों को अद्यतन रखने और क्यूआरटी टीम में उच्च गुणवत्ता वाले वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं शस्त्रागार और जीपी स्टोर का निरीक्षण कर हथियारों और गोला-बारूद की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने पुलिस लाइन के आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया तथा वहां रह रहे परिवारों से साफ-सफाई, जल निकासी, बिजली-पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। मैस और बैरकों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा बैरकों में स्वच्छता और अन्य सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने निर्देश दिया कि रिजर्व पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर शहर के विभिन्न स्थानों पर पिकेट ड्यूटी में लगाया जाए, जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। साथ ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बदल-बदलकर लगाने, अनुशासन और कल्याण पर समान रूप से ध्यान देने तथा बाबुओं के नियमित कार्यों की समीक्षा करने को कहा गया। कंट्रोल रूम के लैंडलाइन और सीयूजी नंबर सार्वजनिक करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने नवनिर्मित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और समस्त क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में तैनात सभी गार्डों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वार्षिक निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार चौहान सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक और पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment