गाजियाबाद (शिखर समाचार)। सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड साहिबाबाद परिसर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अत्याधुनिक 200 एमडब्ल्यूपी सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। यह संयंत्र समझौते पर हस्ताक्षर होने के एक वर्ष से भी कम समय में पूर्ण रूप से संचालन हेतु तैयार हो गया, जिसमें ट्रायल रन्स एवं टेस्टिंग सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। यह नई इकाई सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के पूर्व सौर निर्माण संयंत्र की तुलना में लगभग दस गुना बड़ी है तथा संस्थान की त्वरित कार्यक्षमता, सामूहिक प्रयास, सुव्यवस्थित योजना एवं प्रभावी क्रियान्वयन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।
अत्याधुनिक सोलर प्लांट का शुभारंभ और तेज़ी से पूरा हुआ निर्माण
इस अवसर पर सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक चेतन प्रकाश जैन ने कहा कि यह सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट अत्यंत कम लागत में स्थापित किया गया है, जो संस्थान की कुशल योजना एवं प्रभावी कार्यान्वयन क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कंपनी के लिए स्थिर एवं दीर्घकालिक आय का महत्वपूर्ण स्रोत सिद्ध होगी।
उन्होंने बताया कि संयंत्र के संचालन एवं मार्केटिंग की जिम्मेदारी मल्टी इंफ्रा को प्रदान की गई है, जिससे सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को प्रतिमाह सुनिश्चित एवं सुदृढ़ आय प्राप्त होगी।
वित्तीय सुधार और मिनी रत्ना दर्जे की उपलब्धि
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मंत्री ने सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की हाल के वर्षों की संस्थागत एवं वित्तीय प्रगति की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में संस्थान ने अपने समग्र व्यावसायिक प्रदर्शन, लाभप्रदता, आरक्षित निधियों एवं संस्थागत विश्वास में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि कंपनी अब डिसइन्वेस्टमेंट की स्थिति से निकलकर मिनी रत्ना कंपनी के रूप में स्थापित हो चुकी है, जो इसके पुनरुद्धार और स्थिरता का महत्वपूर्ण संकेत है।
रिन्यूएबल एनर्जी और हाई-टेक सेक्टर में विस्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
मंत्री ने कहा कि सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड अब रिन्यूएबल एनर्जी और स्ट्रेटेजिक टेक्नोलॉजी सेक्टर्स में तेजी से विस्तार कर रहा है। संस्था द्वारा डाटा सेंटर, वर्टिकल एक्सिस विंड टरबाइन सिस्टम तथा वेपन सिस्टम्स/इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सेगमेंट्स में प्रवेश की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा चुके हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों से कंपनी को उल्लेखनीय बिजनेस ग्रोथ और टर्नओवर प्राप्त होने की पूरी संभावना है।
