गाजियाबाद (शिखर समाचार )। प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज व एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गाजियाबाद में परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें लगभग 46 हजार अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। परीक्षा का आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 10 बजे से 12 बजे और 3 बजे से 5 बजे तक होगी।
परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण
परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, वेंटिलेशन, स्वच्छता, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु एडीएम एवं एसडीएम स्तर के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था और नकलविहीन परीक्षा पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षाओं को नकलविहीन एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराया जाए और कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम/स्ट्रांग रूम की स्थापना कर दी गई है तथा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि पुलिस द्वारा पूर्वाभ्यास कराया जा चुका है और सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
जनगणना-2027 के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बताते चलें कि एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु 3 दिवसीय सुपरवाइजर/प्रगणक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच 22 से 24 अप्रैल 2026, द्वितीय बैच 28 से 30 अप्रैल 2026 और तृतीय बैच 1 से 4 मई 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी पर निर्भर करती है।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी विकास कश्यप, एसडीएम अरूण दीक्षित, डीआईओ योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
