ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जनपद में श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनकी दैनिक समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। बैठक में श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रमिकों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस, माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है, जहां औद्योगिक इकाइयों में लाखों श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और कल्याण की जिम्मेदारी प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों के कार्यस्थलों, आवासीय क्षेत्रों और निर्माण स्थलों पर नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया जाए और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर श्रमिकों की सुविधा के अनुसार आयोजित किए जाएं, ताकि उन्हें सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि इन शिविरों में चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक दवाइयां, जांच सुविधाएं और टेलीमेडिसिन जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं।
इसके साथ ही फर्स्ट एड, रक्तदान, आपदा प्रबंधन और हेल्थ वेलनेस सेंटरों को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और भोजन व्यवस्था पर चर्चा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इनका लाभ ले सकें। जागरूकता अभियानों के माध्यम से श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने पर भी बल दिया गया।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों और निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए एनजीओ के सहयोग से सस्ती और पौष्टिक भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को इसके लिए प्राधिकरणों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा लक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजय राणा, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, एसीएमओ रविंद्र सिरोहा, चंदन सोनी, मंजीत सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी आरपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
