नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)।
नगीना थाना क्षेत्र में पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गोवंशीय मांस, तस्करी में प्रयुक्त कार, अवैध तमंचा और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
जंगल में चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
क्षेत्राधिकारी नगीना अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गोवंशीय मांस की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुख्मापुर गांव के जंगल में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक भागने लगा और पुलिस वाहन से टकराकर गिर गया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इस बीच कार में सवार अन्य तस्करों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बावजूद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में माल बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वाहिद उर्फ टल्ली और अल्ताफ निवासी मोहल्ला कलालान, नगीना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। वाहिद उर्फ टल्ली पर लगभग 20 और अल्ताफ पर 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मौके से पुलिस ने अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, गो-कशी में प्रयुक्त उपकरण और भारी मात्रा में गोवंशीय मांस बरामद किया है।
गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bank-of-baroda-celebrate-118th-foundation-day/
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
